Ashoka Times…18 October 2025
द स्कॉलर्स होम स्कूल, पांवटा साहिब के कक्षा सातवीं के छात्र अद्विक सिंह भदौरिया ने 15 एवं 16 अक्तूबर 2025 को जी.एस.एस.एस. कनैड (जिला मंडी) में आयोजित 40वीं यू-14 एसजीएफआई हिमाचल स्टेट ताइक्वांडो चैम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीतकर विद्यालय और शहर का नाम रोशन किया।
यह पहला अवसर था जब द स्कॉलर्स होम ने एस जी एफ आई में ताइक्वांडो प्रतियोगिता में भाग लिया और पहली ही बार में यह उपलब्धि प्राप्त की, जो विद्यालय के लिए गर्व की बात है।
विद्यालय के कोच अमित ने बताया कि इस प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के 12 जिलों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। अद्विक ने अपने बेहतरीन खेल प्रदर्शन से कुल्लू, सोलन, चंबा, मंडी और कांगड़ा के खिलाड़ियों को हराते हुए फाइनल मुकाबले में जगह बनाई।
फाइनल में उनका मुकाबला हमीरपुर के खिलाड़ी से हुआ, जहाँ वे मात्र 1–2 अंकों के अंतर से पराजित हुए और रजत पदक अपने नाम किया।
विद्यालय के शारीरिक प्रशिक्षक एच.ओ.डी. डॉ. कुलदीप कुमार बतान ने कहा कि यह हमारे विद्यालय के लिए अत्यंत गौरव का क्षण है। पहली बार ताइक्वांडो में भाग लेकर राज्य स्तर पर पदक जीतना हमारे विद्यार्थियों की मेहनत और समर्पण का प्रतीक है। यह द स्कॉलर्स होम के लिए खेल जगत में एक नई शुरुआत है।
इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन निदेशक महोदय डाॅ नरेंद्र पाल सिंह नारंग, स्कूल निदेशक महोदया श्रीमति गुरमीत कौर नारंग एवं स्कूल सीनियर प्रधानाचार्य श्री अभिषेक शर्मा ने अद्विक की उपलब्धि पर उसके माता- पिता एवं अध्यापकों को बधाई दी।

