जिला ओपन एथलेटिक्स टूर्नामेंट में “द रोज ऑर्किड वर्ल्ड स्कूल” का दबदबा…
Ashoka Times…22 October 2026
4 खिलाड़ियों ने जीते 2 स्वर्ण और 3 रजत पदक, तीन खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन
पांवटा साहिब। द रोज ऑर्किड वर्ल्ड स्कूल के खिलाड़ियों ने जिला स्तरीय ओपन एथलेटिक्स टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती ममता सैनी ने जानकारी देते हुए बताया कि 20 अक्टूबर 2026 को आयोजित जिला स्तरीय ओपन एथलेटिक्स प्रतियोगिता में जिले भर से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में *द रोज ऑर्किड वर्ल्ड स्कूल* के पांच खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा, मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर कुल पांच पदक (2 स्वर्ण और 3 रजत) हासिल कर विद्यालय का परचम लहराया।
प्रतियोगिता के अंडर-14 आयु वर्ग में अंकित कुमार ने लंबी कूद में स्वर्ण पदक तथा 60 मीटर दौड़ में रजत पदक जीतकर शानदार उपलब्धि हासिल की।
वहीं अंडर-16 आयु वर्ग में आयुष्मान गाबा ने 60 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक, उत्कर्ष कुमार ने 600 मीटर दौड़ में रजत पदक तथा पीयूष मंडल ने लंबी कूद में रजत पदक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
प्रधानाचार्या श्रीमती ममता सैनी ने बताया कि विद्यालय के तीन होनहार खिलाड़ी आयुष्मान गाबा, पीयूष मंडल और उत्कर्ष कुमार आगामी 14 एवं 15 नवंबर 2026 को हैदराबाद में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भाग लेकर विद्यालय और हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
खिलाड़ियों की इस शानदार उपलब्धि से पूरे विद्यालय परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल है।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विद्यालय के निदेशक श्री ललित शर्मा, निदेशक अकादमिक श्रीमती अंजू अरोड़ा, प्रधानाचार्या श्रीमती ममता सैनी तथा समस्त शिक्षकगण ने विजेता खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय प्रबंधन ने खिलाड़ियों की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले एथलेटिक्स कोच श्री अविनाश चौधरी, शारीरिक शिक्षक श्री ज्ञान सिंह तोमर, श्री गौरव चौहान एवं सुश्री नीलम धीमान के प्रयासों की भी सराहना की।
विद्यालय की प्रधानाचार्या ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का अभिन्न अंग हैं। खेल न केवल शारीरिक क्षमता को बढ़ाते हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का भी विकास करते हैं। विद्यालय भविष्य में भी विद्यार्थियों को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए हरसंभव अवसर और प्रोत्साहन प्रदान करता रहेगा।
द रोज ऑर्किड वर्ल्ड स्कूल के खिलाड़ियों की यह उपलब्धि विद्यालय के लिए गर्व और सम्मान का विषय है।

