
अवैध तरीके से शिकार करने की आशंका के तहत दो हिरासत में…एक निकला नाबालिक…
Ashoka Times…24 November 2026
पांवटा साहिब के जंगलों में अवैध तरीके से शिकार करने वाले दो लोगों को हिरासत में लिया गया है जिनमें से एक नाबालिक होने के कारण फिलहाल छोड़ दिया गया है।
जंगलों में लगाए गए ट्रैप कैमरों ने वन्यजीवों के अवैध शिकार की आशंका के बीच दो संदिग्ध लोगों को बंदूकों के साथ कैद कर लिया। फुटेज सामने आने के बाद वन विभाग ने तीन टीमें गठित कर छछेती सरे के जंगल में घेराबंदी की। करीब पांच घंटे तक चले अभियान के बाद दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया गया।
उनके कब्जे से दो लोडेड एक नाली बंदूकें बरामद हुईं। इसके अलावा बारूद, धातु के छरें, क्लच वायर और अन्य सामान भी मिला। पकड़े गए लोगों में 32 वर्षीय दिनेश कुमार को गिरफ्तार किया गया, जबकि दूसरा नाबालिग निकला। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे उसके पिता के सुपुर्द कर दिया गया।
वन विभाग के अनुसार…
पांवटा साहिब वन मंडल के जंगलों में वन्यजीवों की गतिविधियों और अवैध शिकार पर नजर रखने के लिए ट्रैप कैमरे लगाए हैं।
इसी निगरानी के दौरान सहायक वन संरक्षक (एसीएफ) आदित्य शर्मा को छछेती सरे के साथ लगते जंगल में लगे कैमरे की फुटेज मिली। इसमें दो व्यक्ति बंदूकें लेकर संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते दिखाई दिए। इसके बाद एसीएफ आदित्य शर्मा ने वन परिक्षेत्र अधिकारी पांवटा साहिब सुरेंद्र सिंह के सहयोग तीन वन टीमों को मौके पर रवाना किया। आरओ सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीमों ने जंगल में संदिग्धों की तलाश शुरू की।
रविवार देर रात करीब पांच घंटे तक चले अभियान के दौरान एक स्थान पर टॉर्च की रोशनी दिखाई दी। इसके बाद टीमों ने चारों तरफ से घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से दो सिंगल बैरल मजल लोडेड बंदूकें मिलीं। इसके साथ ही दो बैग भी बरामद हुए, जिनमें करीब दो मीटर लंबी क्लच वायर, बारूद, धातु के छरे, कपड़े के टुकड़े और चाय बनाने का सामान रखा था।
डीएफओ पांवटा साहिब वेद प्रकाश शर्मा और एसीएफ आदित्य शर्मा ने बताया कि वन्यजीवों के शिकार के प्रयास के मामले में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 9. और 52 के साथ मामला दर्ज किया गया है। वन धारा 2 (16) व 2(35) के तहत कर विभाग की टीमें मामले की जांच रही है।

