Ashoka time’s….13 November 25
थाना कुनिहार क्षेत्र के अंतर्गत एक शादी समारोह में मारपीट के दौरान घायल हुए युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतक युवक की पहचान दीनानाथ उर्फ बंटी (31 वर्ष), पुत्र शंकर लाल, निवासी गांव छटियुद्ध, तहसील कसौली, जिला सोलन के तौर पर हुई है।
जानकारी के अनुसार 3 नवंबर को थाना कुनिहार को सूचना मिली थी कि गांव जाडली के पास एक व्यक्ति नशे की हालत में पड़ा है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पाया कि युवक बेहोशी की हालत में था।
उसे उपचार के लिए सीएच कुनिहार अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने युवक को बयान देने योग्य न होने की पुष्टि की और गंभीर अवस्था के चलते उसे IGMC शिमला रैफर कर दिया गया। उपचार के दौरान बुधवार को युवक की मौत हो गई।इसके पश्चात थाना कुनिहार में दर्ज मामले में हत्या की धाराएं जोड़ी गईं।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक दीनानाथ अपने मित्र करण सिंह के साथ गांव गमझून में एक शादी समारोह में गया था, जहां स्थानीय युवकों के साथ उसका विवाद हो गया। प्रारंभिक झगड़े के दौरान शुभम, अर्जुन, करण सिंह और शुभम का भाई अंकित भी मौजूद थे। इसी बीच हाथापाई के दौरान अंकित ने दीनानाथ को धक्का दिया, जिससे वह गिर पड़ा और सिर में गंभीर चोट लग गई।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में शामिल चार आरोपियों शुभम भट्टी पुत्र सुखराम (31 वर्ष) निवासी गांव गम्बरपुल, डाकघर हरीपुर, अंकित कुमार पुत्र स्व. मनीराम (36 वर्ष) निवासी गांव गम्बरपुल, अर्जुन सिंह पुत्र बाजूलाल (31 वर्ष) निवासी गांव अलोबरा, डाकघर हरीपुर, करण सिंह पुत्र सुरेंद्र सिंह ( 26 वर्ष) निवासी गांव बाहवां, डाकघर जुबला, तहसील अर्की को गिरफ्तार कर लियाक है।
आरोपियों को वीरवार को न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच भी कर रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस विभिन्न पहलुओं पर पड़ताल कर रही है।

