आदर्श अस्पताल संगड़ाह में शुरू हुई अल्ट्रासाउंड सेवा…
4 साल से बंद पड़ी लिफ्ट भी चल पड़ी
करीब एक लाख की आबादी को सेवाएं दे रहे अस्पताल में डॉक्टर के 10 में से 7 पद खाली
कल विधायक विनय कुमार करेंगे अल्ट्रासाउंड का औपचारिक उद्घाटन
Ashoka time’s…22 October 26
संगड़ाह। उपमंडल मुख्यालय संगड़ाह में मौजूद रेणुका जी हल्के के आदर्श स्वास्थ्य संस्थान संगड़ाह में अल्ट्रासाउंड सेवा शुरू होने से क्षेत्रवासियों में भारी उत्साह है। आज मशीन की टेस्टिंग के बाद जानकारी के अनुसार 4 मरीजों के अल्ट्रासाउंड किए गए। स्थानीय विधायक एवं हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विनय कुमार कल शुक्रवार को अल्ट्रासाउंड सेवा का औपचारिक शुभारंभ करेंगे और कुछ समय पहले यहां एक्स-रे भी शुरू हो चुके हैं। करीब साढ़े 10 करोड़ की लागत से बने संगड़ाह अस्पताल के आलीशान भवन का 5 मई 2022 को तत्कालीन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा उद्घाटन किए जाने के कुछ ही दिन बाद से बिजली की समस्या बताकर बंद रखी गई लिफ्ट को भी आज चलाया जा चुका है। आदर्श अस्पताल संगड़ाह में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत इस साल आउटसोर्स के माध्यम से 12 नर्स की नियुक्ति भी की गई थी और विभाग से मिली जानकारी के अनुसार इनमें से 2 की दोबारा पोस्टिंग अथवा प्रतिनियुक्ति ददाहू अस्पताल व हरिपुरधार सीएचसी में की गई। अस्पताल में इसी साल नियुक्त 3 डॉक्टर अथवा टीएमओ में से एक को पोस्टिंग की कुछ ही दिन बाद जनजातीय मंत्री के जिला किन्नौर में प्रतिनियुक्ति पर भेजा जा चुका है। अब यहां स्वीकृति डॉक्टर के 10 पदों में से 7 पद खाली है और विशेषज्ञ एक भी नहीं है। उपमंडल संगड़ाह की खस्ताहाल सड़कों पर आए दिन वाहन हादसे होते हैं और इस साल अब तक सड़क हादसों में यहां 28 लोगों की जान जा चुकी है। वर्तमान प्रदेश सरकार द्वारा संगड़ाह में विद्युत विभाग का अधिशासी अभियंता बंद किए जाने तथा 4 साल से संगड़ाह-चाड़ना 33 केवी लाइन की मुरम्मत न किए जाने के चलते क्षेत्र में हर रोज बार-बार अघोषित पावर कट लगने के दौरान अस्पताल में मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ती है और यहां जनरेटर भी नहीं है। खंड स्वास्थ्य अधिकारी संगड़ाह डॉ सुनील कक्कड़ ने बताया कि, कल स्थानीय विधायक विनय कुमार अल्ट्रासाउंड सेवा का शुभारंभ करेंगे और रोगी कल्याण समिति की बैठक में भी मौजूद रहेंगे।

