दर्दनाक हादसा: खेल-खेल में पानी की बाल्टी में गिरी डेढ़ वर्षीय बच्ची, डूबने से हुई मौत
Ashoka time’s…24 September 26
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जनपद के भराड़ी कस्बे में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसे में डेढ़ वर्षीय बच्ची की पानी से भरी बाल्टी में डूबने से मौत हो गई। बच्ची खेलते-खेलते बाथरूम में पहुंच गई थी। कुछ देर बाद परिजनों ने जब उसकी तलाश शुरू की तो वह पानी से भरी बाल्टी में अचेत अवस्था में मिली।
जानकारी के अनुसार भराड़ी कस्बे में दर्जी का काम करने वाले जाहिद अंसारी, निवासी गांव व डाकघर श्रीनगर, तहसील पीरपैंती, जिला भागलपुर, बिहार, मंगलवार शाम अपने परिवार के साथ कमरे में मौजूद थे। परिवार के सदस्य घरेलू कामकाज में व्यस्त थे। इसी दौरान करीब सात बजे उनकी डेढ़ वर्षीय बेटी खेलते-खेलते बाथरूम की ओर चली गई।
बताया जा रहा है कि परिवार के सदस्यों को कुछ समय तक बच्ची के बाथरूम की ओर चले जाने का पता नहीं चला। जब बच्ची दिखाई नहीं दी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान बच्ची बाथरूम में पानी से भरी बाल्टी में अचेत अवस्था में मिली। इसके बाद परिजन उसे बिना देरी किए भराड़ी अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल में चिकित्सकों ने बच्ची की जांच की, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। चिकित्सकों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई और घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर घटना को एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसा माना जा रहा है। पुलिस द्वारा मामले से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।

