Ashoka time’s…1 March 26
प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां बाला सुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर के कपाट चंद्र ग्रहण के चलते 3 मार्च 2026 को श्रद्धालुओं के लिए बंद रहेंगे।
त्रिलोकपुर मंदिर न्यास के संयुक्त आयुक्त एवं एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान ने जानकारी देते हुए बताया कि मंदिर के कपाट प्रातः 6 बजकर 10 मिनट से बंद कर दिए जाएंगे। ग्रहण मोक्ष के पश्चात शाम 6 बजकर 47 मिनट पर कपाट पुनः खोल दिए जाएंगे। इस अवधि में मंदिर में किसी भी प्रकार के दर्शन, पूजा-अर्चना, भोग अथवा अन्य धार्मिक अनुष्ठान की अनुमति नहीं होगी।
परंपरा के अनुसार बंद रहते हैं कपाट
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार ग्रहण काल को अशुद्ध समय माना जाता है। इसी कारण इस दौरान मंदिरों में नियमित पूजा-पाठ स्थगित कर दिया जाता है। ग्रहण समाप्त होने के बाद विधि-विधान से शुद्धिकरण, तर्पण एवं विशेष पूजा संपन्न की जाती है, जिसके उपरांत ही श्रद्धालुओं को दर्शन की अनुमति दी जाती है।
श्रद्धालुओं से समय का ध्यान रखने की अपील
एसडीएम नाहन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे 3 मार्च को मंदिर आने से पूर्व समय-सारिणी की जानकारी अवश्य लें।

