
पढ़े क्या-क्या हुआ नुकसान…
Ashoka Times….10 July 2026
हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में लगातार 48 घंटे से हो रही बारिश ने लोगों की मुसीबतें बढ़ा दी है। सिर्फ जिला सिरमौर में ही शुक्रवार को 70 से अधिक सदके बंद रही जिसके कारण लोक निर्माण विभाग को लगभग 5 से 6 करोड रुपए का नुकसान बताया जा रहा है।
बता दे की लोक निर्माण विभाग की 70 से अधिक सड़कों के बंद होने से यातायात में भी लोगों को परेशानी उठानी पड़ी अब तक की जानकारी के अनुसार संगड़ाह डिवीजन की 19, शिलाई डिवीजन की 27, नाहन डिवीजन की 12, राजगढ़ डिवीजन की 03 और सराहां डिवीजन की 11 सड़के बंद रही व भूस्खलन से नुकसान हुआ है।
इसके अलावा अंबाला कालाअंब पांवटा साहिब देहरादून नेशनल हाईवे 07 पर खजुराना पुल के समीप पेड़ गिरने से 25 मिनट तक एनएच बंद रहा, जिससे सड़क के दोनों वाहनों का लंबा जाम लग गया। नाहन कुमारहट्टी नेशनल हाईवे 907ए पर जगह-जगह छोटे-बड़े पत्थर गिरने से वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बिजली बोर्ड का नुकसान…
वहीं, बिजली बोर्ड के 218 ट्रांसफार्मर बारिश से बाधित रहे। जिस में पांवटा साहिब के 64, नाहन के 100 व राजगढ़ के 54 ट्रांसफार्मर बाधित रहे। वहीं जल शक्ति विभाग की 64 योजनाएं बाधित हुई तथा उन्हें भारी नुकसान हुआ। जिसमें नाहन की 13, संगडाह की 24 व राजगढ़ की 27 पेयजल व सिंचाई की योजनाए शामिल है।
मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को नाहन में 159 मिलीमीटर बारिश हुई। ददाहू में 97 मिलीमीटर, पांवटा साहिब में 98, शिलाई में 65, राजगढ़ में 91, नौहराधार में 100 व संगडाह में 80 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
वही सिरमौर के प्रशासनिक अधिकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि पहाड़ों पर हो रही लगातार बारिश से नदी नालों में जलस्तर तेजी के साथ बढ़ सकता है इसलिए वह नदी नालों से दूरी बनाए रखें और सुरक्षित रहें।

