
28 से 31 जुलाई तक मूसलाधार बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी…
Ashoka time’s…26 july 26
हिमाचल प्रदेश में मॉनसून 28 जुलाई से एक बार फिर जोर पकड़ने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 28, 29, 30 और 31 जुलाई के लिए प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 27 जुलाई को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने का येलो अलर्ट है। इसके बाद 28 से 31 जुलाई तक कई क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी वर्षा का दौर चलने का अनुमान है।
एक अगस्त को भी प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। रविवार को भी शिमला सहित प्रदेश के कई इलाकों में बारिश हुई। मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा नहीं करने, नदी, नालों, खड्डों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि लगातार बारिश के दौरान पहाड़ी मार्गों पर सफर करने से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी अवश्य लें तथा प्रशासन की ओर से जारी सभी निर्देशों का पालन करें।

