10.2 C
New York
Wednesday, October 21, 2026

श्री महामाया बाला सुंदरी चैत्र नवरात्र मेला 19 मार्च से 2 अप्रैल तक होगा आयोजित- प्रियंका वर्मा

Ashoka time’s…12 Feburary 26 

उतर भारत का प्रसिद्ध श्री महामाया बाला सुंदरी आश्विन नवरात्र मेला त्रिलोकपुर में आगामी 19 मार्च से आरम्भ होकर 02 अप्रैल, 2026 तक चलेगा। मेले के आयोजन से जुड़े विभिन्न प्रबंधों की समीक्षा को लेकर बैठक का आयोजन उपायुक्त सिरमौर एवं आयुक्त मंदिर न्यास त्रिलोकपुर प्रियंका वर्मा की अध्यक्षता में हुआ।
उपायुक्त ने कहा कि चैत्र नवरात्र मेले के दौरान यात्रियों को हर सम्भव सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए मंदिर न्यास प्रयासरत है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह कालाअंब से त्रिलोकपुर मुख्य मार्ग तथा त्रिलोकपुर के लिए अन्य सम्पर्क मार्गो की समय रहते मरम्मत करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने मंदिर न्यास तथा सरकारी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह बैठक में लिए गए निर्णयों का पालन करना सुनिश्चित करें ताकि मेला सफलतापूर्वक आयोजित किया जा सके।
मेले के आयोजन हेतु एस.डी.एम नाहन को मुख्य मेला अधिकारी, तहसीलदार नाहन मेला अधिकारी तथा डी.एस.पी नाहन कानून सुरक्षा व्यवस्था हेतु मेला पुलिस अधिकारी होंगे। उन्होंने कहा कि मेले के प्रभावी प्रबंधन को लेकर मेला क्षेत्र को चार सेक्टरों में विभाजित किया जाएगा और प्रत्येक सेक्टर में ड्यूटी मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी नियुक्त रहेंगे।
उन्होंने बताया कि मेले के दौरान यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत सी.सी. टीवी कैमरे स्थापित किए जाएंगे। मेले के दौरान कानून एवं व्यवस्था और ट्रैफिक व्यवस्था के लिए पर्याप्त मात्रा में पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके अतिरिक्त व्यवस्था बनाए रखने के लिए गृह रक्षा व निजी सुरक्षा एजेंसियों के सुरक्षा कर्मचारियों को अस्थाई आधार पर तैनात किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को इस तरीके से बनाया जाएगा जिससे त्रिलोकपुर के स्थानीय निवासियों को भी असुविधा का सामना ना करना पड़े। बैठक में निर्णय लिया गया कि 01 अप्रैल (चौदस) को कुश्ती का आयोजन किया जाएगा। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पॉलिथीन का प्रयोग प्रतिबंधित रहेगा।
बैठक में मेले के दौरान साफ-सफाई को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त काला अंब से त्रिलोकपुर तक यातायात नियंत्रण, वैकल्पिक मार्ग व्यवस्था, सूचना केंद्र की स्थापना, आपातकालीन सेवाएं, स्वास्थ्य व्यवस्था, ,खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता, मेला क्षेत्र की साज-सज्जा व विद्युतीकरण, परिवहन सुविधा व वाहन पार्किंग और आपदा प्रबंधन को लेकर भी विचार विमर्श किया गया।
उन्होंने कहा कि मेला के दौरान केवल चयनित भंडारा स्थानों पर ही भंडारे का आयोजन होगा।
उपमंडलाधिकारी नाहन एवं संयुक्त आयुक्त मंदिर न्यास त्रिलोकपुर राजीव सांख्यान ने मदों को क्रमवार प्रस्तुत किया।
बैठक में तहसीलदार नाहन एवं मंदिर अधिकारी त्रिलोकपुर उपेंद्र कुमार, मंदिर न्यास के सरकारी व गैर सरकारी सदस्य और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles