Ashoka time’s…11 November 25
राजधानी शिमला में एक बार फिर चलती बस में एक युवती के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है। पुलिस ने युवती की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
बता दें कि युवती से घटना शाम के वक्त हुई, जब वह निजी बस से घर लौट रही थी। युवती की शिकायत पर पुलिस ने थाना छोटा शिमला में अज्ञात शख्स के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर ली है।
युवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 8 नवम्बर की शाम को वह एक स्थानीय निजी बस में ओल्ड बस स्टैंड से संजौली लौट रही थी। शिकायत के मुताबिक बस में यात्रा के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति उसके बगल वाली सीट पर आकर बैठ गया। थोड़ी देर बाद उस व्यक्ति ने उसके शरीर को गलत तरीके से छुआ।
अचानक हुई इस हरकत से युवती असहज हो गई और उसने तुरंत गलत हरकत करने वाले उस व्यक्ति का हाथ हटा दिया। बस में भीड़ होने के कारण युवती तुरंत विरोध नहीं कर पाई, लेकिन घर पहुंचने के बाद उसने पूरी घटना अपने परिजनों को बताई और पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी व्यक्ति की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है।

