13.5 C
New York
Thursday, October 22, 2026

हर्षवर्धन चौहान ने शिलाई अस्पताल बिल्डिंग का किया भूमि पूजन…

19 करोड़ से निर्मित होगा 100 बिस्तरों का अस्पताल भवन

Ashoka time’s…2 April 25 

उद्योग, संसदीय मामले एवं श्रम रोज़गार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने जिला सिरमौर के प्रवास कार्यक्रम के दौरान आज शिलाई में 19 करोड़ से निर्मित होने वाले 100 बिस्तरों के नागरिक अस्पताल भवन का भूमि पूजन किया।

इस दौरान उद्योग मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि जल्द ही इस भवन का निर्माण कार्य पूर्ण कर जनता को समर्पित किया जाएगा जिसके उपरांत नागरिक अस्पताल शिलाई में मरीजों की सुविधा के लिए 100 बिस्तरों की व्यवस्था होगी।

हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्राथमिकता के आधार पर दूरवर्ती क्षेत्रों के अस्पतालों में ढांचागत तथा स्टाफ सुविधा का विस्तार किया जा रहा है ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उपचार के लिये दूर अस्पतालों में न जाना पड़े।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के अस्पतालों के सुदृढ़ीकरण से आने वाले समय में गांव के लोगों को आर्थिक तंगी के चलते उपचार से महरूम नहीं होना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि नागरिक अस्पताल शिलाई में दूर-दराज़ क्षेत्र के मरीज अपने इलाज के लिए आते हैं ऐसे में इस अस्पताल में सुविधाओं को मजबूती प्रदान करना अति आवश्यक है इसी के दृष्टिगत जल्द ही शिलाई नागरिक अस्पताल में विषय विशेषज्ञ डॉक्टरों सहित नर्सों के रिक्त पड़े पदों को भरा जाएगा।

उन्होंने कहा कि मौजूदा स्थिति में क्षेत्र के मरीज़ों को अपने इलाज के लिए बाहर जाना पड़ता था और 100 बिस्तरों के अस्पताल निर्माण के उपरांत क्षेत्रवासियों को शिलाई में ही इलाज मुहैया करवाया जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में उनके द्वारा सिविल अस्पताल शिलाई में 25 लाख के डिजिटल एक्स-रे प्लांट का लोकार्पण किया गया है जिसके उपरांत अस्पताल में क्षेत्रवासियों को रंगीन एक्स-रे की सुविधा प्राप्त हो रही है।

उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के शिक्षण संस्थानों में लगभग 300 अध्यापकों के रिक्त पदों को भरा गया है जिसके माध्यम से इन शिक्षण संस्थानों में क्षेत्र के बच्चों को गुणात्मक शिक्षा उपलब्ध हो रही है।

उन्होंने कहा कि शिलाई शहर का रूप ले रहा है जिसके दृष्टिगत इसे नगर पंचायत घोषित किया गया है ताकि यहाँ सुनियोजित ढंग से निर्माण सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि शिलाई के लिए 68 करोड़ की डीपीआर स्वीकृति हेतु भेजी गई है जिसमें से 28 करोड़ सीवरेज के लिए तथा 30 करोड़ पानी तथा अन्य सुविधाएँ उपलब्ध करवाने के लिए प्रस्तावित है।

इसके अतिरिक्त उन्होंने बताया की शिलाई विधानसभा क्षेत्र में सड़क, सिंचाई एवं पेयजल तथा शिक्षा, स्वास्थ्य व बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए लगभग 250 करोड़ की विकासात्मक योजनाएं क्रियान्वित हैं जिनके पूर्ण होते ही विधानसभा क्षेत्र के लोग इससे लाभान्वित होंगे।

इसके उपरांत उद्योग मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के शिलाई विश्राम गृह में लोगों की समस्याएं भी सुनी। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे।

इस अवसर पर अध्यक्ष मार्केटिंग कमेटी सीता राम शर्मा, निदेशक एचपी एसआईडीसी रमेश देसाईक, पूर्व जिला परिषद सदस्य प्रताप सिंह तोमर व रंजीत नेगी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरी राम शास्त्री, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग रजनीश बंसल, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति विभाग प्रदीप चौहान, सीएमओ अमिताभ जैन, बीएमओ अजय देवल, अतर राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा पंचायतों के चुने हुए प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles