वीर सपूत लांस नायक मुकेश कुमार का पैतृक गांव में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार..
Ashoka Times…22 may 2026
जिला सिरमौर के पांवटा साहिब उपमंडल के टोका नगला गांव के वीर सपूत लांस नायक मुकेश कुमार का शुक्रवार को उनके पैतृक गांव में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
15 फील्ड आर्टिलरी रेजीमेंट के जवानों ने अपने बहादुर साथी को अंतिम सलामी दी। छोटे भाई मंजीत ने नम आंखों से अपने बड़े भाई की चिता को मुखाग्नि दी और गांव का एक लाल सदा के लिए पंचतत्व में विलीन हो गया।
अंतिम विदाई के दौरान माता-पिता और परिवार की चीख-पुकारों से हर आंख नम हो गई। सैकड़ों ग्रामीणों, पूर्व सैनिकों और गणमान्य लोगों ने वीर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित की। भूतपूर्व सैनिक संगठन पांवटा साहिब-शिलाई क्षेत्र के सदस्य भी अपने साथी को अंतिम विदाई देने पहुंचे और माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया।
बता दें कि गत वीरवार को वीर सपूत मुकेश कुमार की घर पर खेत में काम करते समय हाई वोल्टेज तार की चपेट में आने से मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम के बाद वीरवार शाम उनकी पार्थिव देह टोका नगला स्थित घर लाई गई। शुक्रवार को उनकी अंतिम यात्रा के दौरान ‘शहीद मुकेश अमर रहे’ के जयघोष गूंजते रहे।
उनका परिवार खासकर मां अपने बेटे के सिर पर सेहरा सजाने के सपने देख रही थीं, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। कुछ दिन पहले ही मुकेश छुट्टी लेकर परिवार से मिलने घर आए थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह मुलाकात आखिरी साबित होगी।

