बड़ी लापरवाही…5-7 फ़ीट पर दौड़ रही मौत… पढ़ें पूरी खबर
Ashoka Times…8 September 2026
सिरमौर के रेणुका जी विधानसभा में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आ रही है।
ददाहू सब-डिवीजन के तहत आने वाले गांव डांडर में बिजली की तारें महज 5 से 7 फीट की ऊंचाई पर मौत बनकर झूल रही हैं। 70 वर्षीय बुजुर्ग नंदलाल शर्मा पिछले कई महीनों से अपनी और अपने परिवार की जान बचाने के लिए विभाग के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है।
जिला सिरमौर के रेणुका जी विधानसभा के गांव डांडर की तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि कैसे 11 KV और LT लाइन की तारें कथित जमीन से सिर्फ 5 से 7 फीट की ऊंचाई पर झूल रही हैं। आलम ये है कि हाथ बढ़ाओ तो मौत को छू लो। ये तारें कभी भी किसी बड़ी जनहानि को अंजाम दे सकती हैं।
इसी जमीन के मालिक हैं 70 वर्षीय नंदलाल शर्मा ने बताया कि जर्जर और लटकी हुई तारों में पेड़-पौधे उलझे हुए हैं, जिसकी वजह से पूरे समय करंट लीकेज का खतरा बना रहता है। कुछ दिन पहले ही उनकी धर्मपत्नी इन तारों की चपेट में आ गईं और उन्हें जोरदार करंट लगा। गनीमत रही कि उनकी जान बच गई, लेकिन अगली बार क्या होगा, कोई नहीं जानता।
“मेरी अपनी जमीन पर 5-7 फुट पर तार लटकी हुई है। पेड़ सारे तारों में फंसे हैं, जिससे करंट आता रहता है। मैं 8 बार ददाहू SDO के दफ्तर के चक्कर काट चुका हूं, 3 बार लिखित में शिकायत दे चुका हूं। 70 साल की उम्र में मुझे तंग किया जा रहा है।
पीड़ित का सबसे बड़ा आरोप ददाहू इलेक्ट्रिकल सब-डिवीजन के SDO कमल शर्मा पर है। बुजुर्ग का कहना है कि उन्होंने SDO को कई बार फोन किया, लेकिन एक बार भी फोन नहीं उठाया गया।
सवाल सीधा है – अगर कल को कोई मासूम बच्चा या महिला इन मौत की तारों की चपेट में आ गई तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी? ये सीधे-सीधे विभाग की आपराधिक लापरवाही है।
अब हार थक कर नंदलाल शर्मा ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वो इस पूरे मामले को लेकर DC सिरमौर के दरबार में जाएंगे और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराएंगे।

