Home / News / दोस्त की हत्या कर शव खेत में गड्ढे में दबाकर फरार हुआ आरोपी गिरफ्तार…

दोस्त की हत्या कर शव खेत में गड्ढे में दबाकर फरार हुआ आरोपी गिरफ्तार…

दोस्त की हत्या कर शव खेत में गड्ढे में दबाकर फरार हुआ आरोपी गिरफ्तार…

Ashoka time’s…26 March 26

animal image

राजधानी शिमला से सटे सुन्नी क्षेत्र में सामने आई एक खौफनाक वारदात में अपने ही दोस्त की हत्या कर उसका शव खेत में गड्ढे में दबाकर फरार हुए आरोपी को शिमला पुलिस ने बिहार से गिरफ्तार कर लिया है।

होली की रात हुए इस सनसनीखेज अपराध का खुलासा तब हुआ, जब कई दिनों से लापता युवक का शव पुलिस ने जमीन से खुदवाकर बरामद किया और तकनीकी जांच के आधार पर मुख्य आरोपी तक पहुंच गई।

animal image

पुलिस थाना सुन्नी में दर्ज मामले के अनुसार आरोपी अरुण कुमार (31) निवासी पूर्वी चंपारण, बिहार को 25 मार्च 2026 को मुजफ्फरपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। आरोपी वारदात के बाद लगातार फरार चल रहा था। उसे पकड़ने के लिए विशेष पुलिस टीम बनाई गई थी, जिसने मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस कर गिरफ्तारी की।

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक राम प्रवेश राम (25) अपने कुछ साथियों के साथ बसंतपुर क्षेत्र में किराए के कमरे में रहकर आरसीसी के मकानों का निर्माण कार्य करता था। वह अपने साथियों के साथ एक स्थानीय मकान निर्माण के ठेके पर काम कर रहा था और इसी दौरान सभी ने 25 जनवरी 2026 से बसंतपुर में किराए का कमरा लिया हुआ था।
मामले की शुरुआत 15 मार्च 2026 को हुई, जब मृतक के पिता चतुरी राम, निवासी जिला मुजफ्फरपुर (बिहार), ने थाना सुन्नी में अपने बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। उन्होंने बताया कि उनका बेटा 3 और 4 मार्च की रात से अचानक लापता है और उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। इसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी के हर पहलू पर जांच शुरू की।

जांच के दौरान मोबाइल कॉल डिटेल और स्थानीय पूछताछ से पता चला कि होली की रात 3-4 मार्च को मृतक और उसके साथियों के बीच झगड़ा हुआ था। इसी झगड़े के बाद पुलिस को शक हुआ कि मामला साधारण गुमशुदगी का नहीं बल्कि गंभीर अपराध का हो सकता है।

आगे की जांच में पुलिस को अहम सुराग मिले और 23 मार्च को उसी क्षेत्र में खेत से गड्ढा खोदकर एक शव बरामद किया गया। शव की पहचान राम प्रवेश राम के रूप में हुई। इससे साफ हो गया कि युवक की हत्या कर सबूत छिपाने के लिए उसका शव जमीन में दबा दिया गया था।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अरुण कुमार ने अपने साथियों के साथ मिलकर झगड़े के बाद राम प्रवेश राम का अपहरण किया और उसकी हत्या कर शव खेत में दबा दिया। इसके बाद आरोपी हिमाचल से फरार हो गया था।

मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब इस खौफनाक वारदात में शामिल अन्य संदिग्ध लोगों की तलाश कर रही है। मामले की जांच जारी है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social Icons