LSD तस्करी मामले में बड़ा खुलासा! CCTV फुटेज मिटाने के आरोप में होटल पार्टनर गिरफ्तार..
Ashoka time’s…18 May 26
शिमला पुलिस द्वारा बहुचर्चित एलएसडी तस्करी मामले में जांच का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। पुलिस थाना न्यू शिमला में दर्ज मुकदमा संख्या 35/2026 में अब कुल्लू स्थित एक होटल के पार्टनर ऑनर को साक्ष्य मिटाने और आपराधिक षड्यंत्र में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
मामले के अनुसार 10 मार्च 2026 को पुलिस ने संदीप शर्मा निवासी मोगा (पंजाब) और प्रिया शर्मा निवासी सिरमौर के कब्जे से 562 स्ट्रिप एलएसडी बरामद की थी, जिसका कुल वजन 11.570 ग्राम कमर्शियल मात्रा पाया गया। जांच के दौरान पुलिस ने बैकवर्ड लिंकेज खंगालते हुए एलएसडी सप्लायर नविएल हैरिसन निवासी कालीकट, केरल की पहचान की, जिसे 13 मार्च 2026 को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया गया।
तफ्तीश में आगे चौंकाने वाले तथ्य सामने आए, जिनमें एसटीएफ के चार कर्मियों की संदिग्ध भूमिका भी उजागर हुई। डिजिटल, तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर चारों को 19 मार्च 2026 को गिरफ्तार किया गया था।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने जिला कुल्लू के सी रॉक होटल में आरोपी नविएल हैरिसन से एलएसडी की खेप प्राप्त की थी। जब होटल परिसर की जब्त हार्ड डिस्क और डीवीआर की फॉरेंसिक जांच करवाई गई, तो पाया गया कि CCTV फुटेज डिलीट कर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया गया था।
इसी कड़ी में होटल के पार्टनर ऑनर संजीव कुमार निवासी भुंतर, जिला कुल्लू की भूमिका सामने आई। पुलिस के अनुसार फॉरेंसिक विश्लेषण और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर वह अन्य आरोपियों के साथ मिलकर साक्ष्य नष्ट करने और आपराधिक षड्यंत्र में शामिल पाया गया। जिसके बाद उसे 16 मई 2026 को गिरफ्तार कर लिया गया।
शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ “ज़ीरो टॉलरेंस” नीति के तहत पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचने के लिए जांच लगातार जारी रहेगी और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

