चौरास में बड़ा हादसा: गहरी खाई में गिरी कार..स्थानीय लोगों की सूझबूझ से बची युवक की जान…
Ashoka time’s….30 May 26
सोलन-मीनस मार्ग पर शुक्रवार दोपहर बाद एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया, जहां चौरास के समीप एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जबकि स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायल युवक की जान बचाई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ऑल्टो कार (HP 79-1975) राजगढ़ की ओर जा रही थी। जैसे ही वाहन चौरास के खतरनाक मोड़ के पास पहुंचा, चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए खाई में उतरकर चालक को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया।
घायल युवक की पहचान वियोंम पुत्र गोपाल सिंह (22 वर्ष) चौरास निवासी के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे खाई से बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद 108 एम्बुलेंस की सहायता से उसे तुरंत नौहराधार अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने युवक की हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे राजगढ़ अस्पताल रेफर कर दिया।
उधर, सूचना मिलते ही नौहराधार पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में सड़क का संकरा होना और खतरनाक मोड़ हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

