Ashoka time’s…18 November 25
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के नगरोटा बगवां में पुलिस ने फर्जी शादी करवाकर ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है।
इस गैंग में फर्जी दुल्हन समेत तीन महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। इनमें से तीन आरोपी पंजाब के रहने वाले हैं, जबकि एक महिला और एक पुरुष हिमाचल के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस की जांच में सामने आया कि यह गिरोह पिछले कई महीनों से कांगड़ा के युवकों की पंजाब की लड़कियों से नकली शादी करवाकर ठगी करता था। अगस्त में पटियालकड़ गांव के एक युवक से शादी कर सिर्फ 20 दिन बाद दुल्हन गहने लेकर फरार हो गई थी।
शनिवार को आरोपी एक और युवक की शादी सुजानपुर में करवाने जा रहे थे, लेकिन इसी दौरान कुछ पीड़ितों ने आरोपियों की कार पकड़ ली और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
अब तक तीन युवक इस गिरोह के शिकार होने की पुष्टि कर चुके हैं, और संभावना है कि ऐसे मामले और भी हो सकते हैं।
डीएसपी अंकित शर्मा ने बताया कि पूरा गिरोह योजनाबद्ध तरीके से काम करता था। एक बिचौलिया शादी करवाने के लिए दो लाख रुपये वसूलता था, जिसमें से एक लाख रुपये पंजाब के कथित मैरिज ब्यूरो को दिए जाते थे।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और कहा है कि जांच के दौरान जो भी नाम सामने आएंगे, उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

