Ashoka Times…21 October 2025
हिमाचल प्रदेश में वैसे तो छुआछूत के मामले सामने आते रहते हैं । स्वर्ण समाज द्वारा अनुसूचित जाति के लोगों पर अत्याचार के भी मामले दर्ज होते रहते हैं लेकिन ऑनर किलिंग के मामले में ये शायद पहला ऐसा मामला है जिसमें अनुसूचित जाति के पुर्व उप प्रधान सोहनलाल को उसके साले द्वारा गोली मार कर हत्या कर दी गई।
पंचायत के पूर्व उपप्रधान सोहनलाल की हत्या का चौंकाने वाला खुलासा हुआ है, जिसमें 30 साल के साले सुरेश ने ही जीजा को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने सोमवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद मामला ऑनर किलिंग में बदल गया है।
पत्रकारों से बातचीत करते पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने बताया 17 अक्टूबर, शुक्रवार को बद्दी क्षेत्र की साईं पंचायत में पूर्व उप प्रधान सोहनलाल पर दिनदहाड़े गोली चला दी गई थी। हत्या की वजह कोई और नहीं, बल्कि आज भी स्वर्ण समाज में उच्च नीच की भावना सामने आई है। दरअसल पूर्व उप प्रधान सोहनलाल अनुसूचित जाति से संबंध रखते थे। उन्होंने स्वर्ण समाज की एक युवती से लव मैरिज की और तब से ही युवती का परिवार उनसे बैर रखना लगा था। अनुसूचित जाति से ताल्लुक रखने वाले सोहनलाल को स्वर्ण समाज में शादी करने की कीमत अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। रविवार को वारदात में एक सनसनीखेज मोड़ उस समय आ गया जब मृतक का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया जिसमे गोली लगने के बाद वो वारदात की वजह व पृष्ठभूमि का खुलासा करने का प्रयास कर रहा है। इस वीडियो में उन्होंने लगातार धमकियां मिलने का आरोप लगाया था। यह वीडियो उनके मृत्यु-पूर्व बयान के रूप में भी देखा जा रहा है।
एसपी विनोद धीमान ने कहा कि मृतक की पत्नी की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है,पीड़िता को सुरक्षा मुहैया करवा दी गई गई है। एसपी ने कहा कि अन्य लोगो की भूमिका को लेकर भी जांच की जा रही है। फ़िलहाल अंतर्जातीय विवाह को ही हत्याकांड का मोटिव माना जा रहा है।
बहरहाल,घटना को एक सनसनीखेज अंतरजातीय विवाह से जोड़कर देखा जा रहा है, जहां साले ने अपने परिवार की ‘इज्जत’ के नाम पर जीजा की जान लेकर बदला लिया। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और हथियार की बरामदगी की जानीबाकी है।

