Ashoka time’s..10 November 25
बिलासपुर जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। मटौर–शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर कंदरौर के समीप एक अनियंत्रित ट्रक ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, बल्ही, झलेडा (बिलासपुर) निवासी 50 वर्षीय पुष्पा देवी अपने बेटे मोहित शर्मा के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर कहीं जा रही थीं। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक (चालक अश्विनी कुमार, निवासी हमीरपुर) ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुष्पा देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल मोहित शर्मा को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कानूनी औपचारिकताओं के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी बिलासपुर मदन धीमान ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।

