
पांवटा भाजपा नगर परिषद, कांग्रेस संगठन में कुछ नेताओं की देन..
प्रदेश और जिला अध्यक्ष करें निष्पक्ष समीक्षा…
Ashoka Times…8 July 2026
पाँवटा साहिब नगर परिषद चुनाव परिणाम पर युवा कांग्रेस अध्यक्ष मोहित सैनी का वक्तव्य सामने आया है। पाँवटा साहिब नगर परिषद चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए युवा कांग्रेस पाँवटा साहिब के अध्यक्ष एवं पूर्व उपप्रधान, ग्राम पंचायत नवादा, मोहित सैनी ने कहा कि परिस्थितियाँ अनुकूल होते हुए भी कांग्रेस अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद पर जीत दर्ज कर सकती थी। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणामों से संगठन को गंभीर आत्ममंथन करने की आवश्यकता है।
पांवटा नगर परिषद में इस हार का कारण केवल विपक्ष की रणनीति नहीं थी, बल्कि संगठन के भीतर कुछ स्थानीय नेताओं की गुटबाज़ी, आपसी खींचतान और व्यक्तिगत स्वार्थ भी प्रमुख कारण रहे। इसका नुकसान पूरे कांग्रेस परिवार को उठाना पड़ा। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में जनता का विश्वास पुनः प्राप्त करना है, तो सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर संगठन हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी होगी।
मोहित सैनी ने प्रदेश एवं जिला नेतृत्व से आग्रह किया कि संगठन को कमजोर करने वाली प्रवृत्तियों की निष्पक्ष समीक्षा कर आवश्यक संगठनात्मक कदम उठाए जाएँ, ताकि भविष्य में ऐसी परिस्थितियों की पुनरावृत्ति न हो और कांग्रेस अधिक मजबूती, एकजुटता एवं प्रभावी रणनीति के साथ जनता के बीच कार्य कर सके।
उन्होंने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम में अपने ऐतिहासिक योगदान, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, शिक्षा के विस्तार तथा राष्ट्र निर्माण में निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका के लिए जानी जाती है। इस गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाने के लिए संगठन की एकजुटता, अनुशासन और समर्पित कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
अपने वक्तव्य के अंत में मोहित सैनी ने कहा कि “संगठन पहले, व्यक्ति बाद में” का सिद्धांत ही कांग्रेस की वास्तविक शक्ति है। यदि सभी नेता और कार्यकर्ता इसी भावना के साथ मिलकर कार्य करें, तो भविष्य में पार्टी निश्चित रूप से बेहतर प्रदर्शन करेगी और जनता का विश्वास और अधिक मजबूती से प्राप्त करेगी।

