13 साल बाद सेब गबन का आरोपी पटियाला से गिरफ्तार..
Ashoka time’s…14 April 26
शिमला पुलिस द्वारा फरार आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। वर्ष 2013 के एक पुराने गबन मामले में वांछित आरोपी को पंजाब के पटियाला से गिरफ्तार किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी बलजींदर सिंह उर्फ सोनू के खिलाफ माननीय न्यायालय LD-CJM शिमला द्वारा धारा 406, 407 और 120(B) भारतीय दंड संहिता के तहत गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था।
आरोपी को सेब की करीब 8 लाख रुपये की खेप को गंतव्य तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, लेकिन उसने विश्वासघात करते हुए उक्त माल को बेच दिया और फरार हो गया।
लंबे समय से न्यायालय में पेश न होने और गिरफ्तारी से बचने के चलते पुलिस ने विशेष टीम गठित कर उसे पकड़ने के लिए कार्रवाई तेज की। थाना ढली की टीम ने सटीक सूचना के आधार पर 13 अप्रैल 2026 को पटियाला में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 17 अप्रैल 2026 तक न्यायिक हिरासत में सब जेल कैन्थू भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगामी जांच में जुटी हुई है।







