9.3 C
New York
Monday, October 19, 2026

भारत की सबसे बड़ी शक्ति उसकी विविधता में एकता है…गुंजीत सिंह चीमा

पांवटा साहिब में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित

एसडीएम ने राष्ट्रीय ध्वज फहरा कर आकर्षक मार्चपास्ट की ली सलामी

Ashoka Times…26 जनवरी 2026

पांवटा साहिब, 26 जनवरी – 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर पांवटा साहिब में आयोजित उपमंडल स्तरीय समारोह में उप मंडल दंड़ाधिकारी गुंजीत सिंह चीमा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
उप मंडल दंड़ाधिकारी ने रामलीला मैदान पांवटा साहिब में राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा आकर्षक मार्चपास्ट की सलामी ली।

इससे पूर्व एसडीएम गुंजीत सिंह चीमा ने शहीद स्मारक पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
गुंजीत सिंह चीमा ने अपने संबोधन में सभी को 77वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज का यह पावन अवसर हमें स्मरण कराता है कि हमारा देश केवल भौगोलिक सीमाओं से नहीं, बल्कि संविधान में निहित मूल्यों से एक राष्ट्र बना है। उन्होंने कहा कि हमारा संविधान हमें अधिकार के साथ कर्तव्यों का बोध भी कराता है।

उन्होंने कहा कि भारत की सबसे बड़ी शक्ति उसकी विविधता में एकता है, भाषा, धर्म, जाति और संस्कृति की भिन्नताओं के बावजूद हम एक-दूसरे का सम्मान करते हुए साथ चलते आए हैं। उन्होंने कहा कि सांप्रदायिक सद्भाव हमारे समाज की नींव है।
एसडीएम ने कहा कि पांवटा साहिब हमेशा से आपसी भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक रहा है परंतु यह सुनिश्चित करना होगा कि किसी भी प्रकार की अफवाह, नफरत या विभाजनकारी सोच हमारे सामाजिक ताने-बाने को कमजोर न करे।

उन्होंने कहा कि विकास की बात करें तो आज हमारा प्रदेश शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य सभी मूलभूत सुविधाओं में आगे बढ़ रहा है।
एसडीएम गुंजीत चीमा ने स्वच्छता और कचरा प्रबंधन पर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि स्वच्छता कोई अभियान भर नहीं है, यह हमारी सोच और आदतों का प्रतिबिंब है।

 

उन्होंने कहा कि प्लास्टिक की बोतल या कचरा सड़क पर फेंकने में हमें केवल कुछ सेकंड लगते हैं, लेकिन उसे साफ करने में कई लोगों की मेहनत और समय लगता है।
उन्होंने कहा कि अगर हम अपने घर का कचरा सही तरीके से गीला व सूखा कचरा अलग करें तो नगर परिषद और सफाई व्यवस्था के लिए काम बहुत आसान हो जाता है।

उन्होंने कहा कि आज दुनिया भर से भारत को निवेशक, विदेशी पर्यटक और वैश्विक मंच सब उम्मीद से देखते हैं, परंतु यदि हमारे शहर गंदे दिखते हैं, तो इससे केवल स्थानीय नहीं, वैश्विक स्तर पर हमारी छवि प्रभावित होती है।उन्होंने कहा कि स्वच्छ शहर केवल देखने में सुंदर नहीं होते बल्कि स्वस्थ समाज और सशक्त अर्थव्यवस्था की पहचान होते हैं।

 

उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों को साफ रखना, यातायात नियमों का पालन करना, पानी और बिजली का संयमित उपयोग करना और सरकारी संपत्ति को अपनी संपत्ति समझना यही एक जिम्मेदार नागरिक की पहचान है।उन्होंने कहा कि जब हम सभी नियमों का पालन करेंगें तथा दूसरों के अधिकारों का भी सम्मान करेंगे तभी हमारा लोकतंत्र मजबूत होता है।
कार्यक्रम के दौरान शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया गया जिनमें गाँव राजपुर के शहीद समीर कुमार, गाँव बनोर के शहीद राजेंद्र सिंह, गाँव भरली के शहीद आशीष, गाँव बेहडेवाला के शहीद बलबीर सिंह, गाँव सुरजपुर के शहीद शेर सिंह, गाँव शखोली के शहीद भरत सिंह सहित गाँव कोलर के शहीद प्रीतम सिंह के परिजन शामिल रहे।

 

 

इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए जिसमें देश भक्ति गीत, पंजाबी भंगड़ा और पहाड़ी गीत की प्रस्तुति दी गई। मुख्य अतिथि द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम व मार्चपास्ट में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। इसके अतिरिक्त पांवटा साहिब में धरातल पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया।

 

इस अवसर पर डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर, निदेशक जोगिंद्रा बैंक असगर अली, नगर पालिका परिषद की अध्यक्षा निर्मल कौर, उपाध्यक्ष ओम प्रकाश कटारिया तथा नगर पालिका के विभिन्न पार्षदों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवम् कर्मचारियों तथा स्थानीय गणमान्य व्यक्ति व विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्य तथा अध्यापक मौजूद रहे ।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles