
पिकअप से प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद..
Ashoka time’s…6 August 26
नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शिमला पुलिस को एक और सफलता मिली है। पुलिस थाना नेरवा की टीम ने नियमित नाकाबंदी के दौरान एक पिकअप वाहन से प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप की खेप बरामद कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार को जमराड़ी बैरियर के पास नाकाबंदी एवं वाहन चेकिंग के दौरान एक पिकअप वाहन को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन से 100-100 मिलीलीटर की पांच सीलबंद प्लास्टिक बोतलें बरामद हुईं। प्रारंभिक जांच में इनमें बिना लेबल वाला प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप होने का संदेह है।
इस मामले में पुलिस थाना नेरवा में अभियोग संख्या 39/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 22, 25 और 29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने रवि राणा उर्फ बंटी (26 वर्ष) निवासी नेरवा, जिला शिमला के विरुद्ध कार्रवाई की है।
पुलिस ने बताया कि मामले में एक विधि-विरुद्ध बालक (जुवेनाइल) की संलिप्तता भी सामने आई है। उसके संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद प्रतिबंधित कफ सिरप की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।

