नोहराधार अस्पताल में दवाइयों की कमी का आरोप, मरीज बाहर से दवा खरीदने को मजबूर
Ashoka time’s…29 August 26
नोहराधार। सिरमौर जिले के नोहराधार क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नोहराधार अस्पताल में उपचार करवाने पहुंचने वाले मरीजों को कई सामान्य बीमारियों की दवाइयां अस्पताल से उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। इसके चलते मरीजों को मजबूरन मेडिकल स्टोर से दवाइयां खरीदनी पड़ रही हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार सिरदर्द, बुखार, पेट दर्द सहित अन्य सामान्य बीमारियों के उपचार के लिए अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को भी कई बार दवाइयां बाहर से लेने के लिए कहा जाता है। लोगों का कहना है कि अस्पताल में डॉक्टर से जांच करवाने के बाद उन्हें ऐसी दवाइयां लिखी जाती हैं, जिन्हें अस्पताल की फार्मेसी से उपलब्ध करवाने के बजाय बाहर से खरीदना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि नोहराधार क्षेत्र दूरदराज का इलाका है और यहां बड़ी संख्या में लोग उपचार के लिए सरकारी अस्पताल पर निर्भर हैं। ऐसे में यदि सामान्य दवाइयां भी अस्पताल में उपलब्ध नहीं होंगी तो मरीजों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है। विशेषकर गरीब और दूरदराज के ग्रामीण परिवारों के लिए बाहर से दवाइयां खरीदना परेशानी का कारण बन रहा है।
स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रशासन से मांग की है कि अस्पताल में आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों को सरकारी स्वास्थ्य सुविधा का पूरा लाभ मिल सके। लोगों ने मामले की जांच करवाकर यह भी स्पष्ट करने की मांग की है कि अस्पताल में कौन-कौन सी दवाइयां उपलब्ध हैं और किन कारणों से मरीजों को बाहर से दवाइयां खरीदनी पड़ रही हैं।

