
उम्मीद फाउंडेशन सोसायटी की तीन दिवसीय अभिनय कार्यशाला का सफल समापन..
Ashoka time’s….12 अगस्त 2026
बच्चों में रचनात्मक प्रतिभा, आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति की क्षमता को विकसित करने के उद्देश्य से उम्मीद फाउंडेशन द्वारा स्टेपको सोसायटी के सहयोग से आयोजित तीन दिवसीय अभिनय कार्यशाला का आज सफलतापूर्वक समापन हुआ। कार्यशाला का आयोजन 07 से 09 अगस्त 2026 तक वॉरटाइम कॉम्बैट सिस्टम मार्शल आर्ट्स एकेडमी, नाहन में किया गया।
इस कार्यशाला में पैंथर्स क्लब, जो उम्मीद फाउंडेशन की एक बाल-केंद्रित पहल है, के कुल 14 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों में भार्गव, अयान, आध्या परमार, नविका शर्मा, अलीज़ा उल्फ़त, अथर्व कौशल, अलीना उल्फ़त, देवांशी, अलीशा उल्फ़त, मनस्वी, काव्या सोइन, ईशानवी, आव्या और त्रिशी वर्मा शामिल रहे।
तीन दिनों के दौरान बच्चों को अभिनय की मूलभूत तकनीक, संवाद अदायगी, आवाज एवं वॉइस मॉड्यूलेशन, बॉडी लैंग्वेज, भाव-भंगिमा, मंच प्रस्तुति, आत्मविश्वास निर्माण तथा अभिनय की व्यावहारिक बारीकियों का प्रशिक्षण दिया गया। कार्यशाला का संचालन स्थापित अभिनेता एवं अभिनय प्रशिक्षक श्री अनीश सैनी ने किया।
कार्यशाला के समापन अवसर पर आयोजित समारोह में सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। प्रमाण-पत्रों का वितरण उम्मीद फाउंडेशन एवं STEPCO सोसायटी के प्रतिनिधियों तथा अभिनय प्रशिक्षक अनीश सैनी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर उम्मीद फाउंडेशन की ट्रस्टी मोमिना ने अभिनय प्रशिक्षक अनीश सैनी को संस्था एवं प्रतिभागी बच्चों की ओर से स्नेह एवं सम्मान के प्रतीक के रूप में स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
अभिनय प्रशिक्षक अनीश सैनी ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक एवं कला आधारित गतिविधियां बच्चों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। अभिनय के माध्यम से बच्चों में आत्मविश्वास, संवाद कौशल, रचनात्मक सोच, भावनात्मक अभिव्यक्ति और मंच पर स्वयं को प्रस्तुत करने की क्षमता विकसित होती है। उन्होंने बच्चों को निरंतर सीखने और अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर उम्मीद फाउंडेशन के निदेशक जावेद उल्फ़त ने सभी प्रतिभागी बच्चों को बधाई देते हुए कहा कि बच्चों में इस कार्यशाला को लेकर जिस प्रकार का उत्साह और रुचि देखने को मिली, वह बेहद उत्साहजनक है।
उन्होंने कहा, उम्मीद फाउंडेशन कला एवं संस्कृति के संरक्षण और प्रोत्साहन के लिए लगातार कार्य करता रहेगा। हमारा प्रयास रहेगा कि बच्चों और युवाओं को अपनी रचनात्मक प्रतिभा को पहचानने और उसे निखारने के लिए बेहतर मंच और अवसर मिलते रहें। भविष्य में भी इस प्रकार की कार्यशालाओं एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
जावेद उल्फ़त ने यह भी घोषणा की कि पैंथर्स क्लब के बच्चों के लिए उम्मीद फाउंडेशन जल्द ही एक शॉर्ट फिल्म बनाने पर काम शुरू करने जा रहा है, जिसके माध्यम से बच्चों को कहानी लेखन, अभिनय, कैमरा, निर्देशन और फिल्म निर्माण की बुनियादी प्रक्रिया से परिचित कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पैंथर्स क्लब के बच्चों ने अभिनय के साथ-साथ अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी अपनी रुचि दिखाई है और संस्था इस उत्साह को सही दिशा देने के लिए निरंतर प्रयास करेगी।
उम्मीद फाउंडेशन के निदेशक जावेद उल्फ़त ने तीन दिवसीय कार्यशाला को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने स्टेपको सोसायटी, अभिनय प्रशिक्षक अनीश सैनी व पैंथर्स क्लब के बच्चों एवं उनके अभिभावकों सहित सभी सहयोगियों को धन्यवाद दिया।
उन्होंने कहा कि बच्चों की सक्रिय भागीदारी और उनके उत्साह ने इस कार्यशाला को सफल बनाया और उम्मीद फाउंडेशन भविष्य में भी बच्चों के लिए कला, संस्कृति, शिक्षा, खेल एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
कार्यशाला के समापन पर बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला और प्रतिभागियों ने भविष्य में भी इस प्रकार की अभिनय, शॉर्ट फिल्म, थिएटर एवं अन्य कला-सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने की इच्छा व्यक्त की।

