
सफाई कर्मी के खिलाफ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल…लोगों ने पुलिस चौकी के बहार फेंका कूड़ा
Ashoka time’s…11 july 26
सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में शनिवार को एक मामूली विवाद ने देखते ही देखते बड़ा रूप ले लिया। नगर परिषद की महिला सफाई कर्मियों और कुछ स्थानीय लोगों के बीच शुरू हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामले ने तूल पकड़ लिया।
गुन्नुघाट पुलिस चौंकी के सामने अचानक माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया। जब सफाई कर्मियों और उनके समर्थकों ने विरोध जताने के लिए एक पिकअप वाहन से कूड़े को सड़क पर ही खाली कर दिया। इसके बाद सड़क पर कूड़े का ढेर लग गया, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए। सड़क पर कूड़ा होने की वजह से कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।
जानकारी के मुताबिक स्थिति उस समय और अधिक बिगड़ गई जब प्रदर्शनकारियों द्वारा कूड़े की पिकअप को गुन्नुघाट पुलिस चौंकी के सामने खाली किया जा रहा था। इस दौरान प्रदर्शनकारियों की पुलिस कर्मियों के साथ हल्की धक्का-मुक्की भी हुई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया, जबकि प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर लगातार विरोध जताते रहे।
मिली जानकारी के अनुसार सुबह हुई कहासुनी और मारपीट की घटना के बाद पुलिस ने एक पक्ष की शिकायत पर सफाई कर्मियों से जुड़े कुछ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। आरोप है कि घटना के दौरान एक व्यक्ति पर हमला किया गया था। वाल्मीकि नगर से जुड़े बड़ी संख्या में लोग गुनूघाट पुलिस चौकी पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि विवाद के दौरान उनके समुदाय के लोगों के खिलाफ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने पुलिस से इस मामले में भी संबंधित धाराओं, विशेषकर अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत कार्रवाई की मांग की।
मीडिया से बातचीत में एक महिला सफाई कर्मी ने आरोप लगाया कि उनके साथ मारपीट भी की गई साथ ही जाति सूचक शब्दों के इस्तेमाल किया गया। महिला ने कहा कि एक व्यक्ति को चोट भी अपनी ही गलती से ही लगी। महिला कर्मी ने कहा कि वो निष्पक्ष जांच चाहती है। उन्होंने कहा कि वो सावधान न होती तो गाड़ी उन पर चढ़ा दी जाती।
अंतिम समाचार लिखे जाने तक सड़क पर पड़ा कूड़ा पूरी तरह नहीं हटाया गया था और प्रदर्शन समाप्त नहीं हुआ था। पुलिस प्रशासन ने पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि विवाद की वास्तविक वजह, दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप और घटनाक्रम के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जाएगी। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उधर, पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी ने बातचीत में बताया कि मारपीट के मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। वहीं, जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल संबंधी शिकायत पर भी कार्रवाई की जा रही है।

