
नौराधार में जागरूकता शिविर, बीपीएल लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं की दी जानकारी…
Ashoka time’s…11 August 26
विकास खंड संगड़ाह के सौजन्य से सोमवार को नौराधार पंचायत घर में बीपीएल लाभार्थियों एवं स्थानीय ग्रामीणों के लिए एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लेकर केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, पात्रता मानदंडों तथा लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। शिविर में लगभग 300 लोगों ने भाग लेकर योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
विकास खंड अधिकारी भरतेंदर सिंह ने ग्रामीणों को विकास खंड के माध्यम से संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं तथा पात्र परिवारों को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने जानकारी दी कि बीपीएल के आठवें चरण में संगड़ाह विकास खंड के 721 परिवार चयनित किए गए हैं।
एसईबीपीओ देवेंद्र शर्मा ने विभागीय योजनाओं एवं उनके लाभ लेने की प्रक्रिया से ग्रामीणों को अवगत कराया। टीडब्ल्यूओ विभाग की ओर से चंचल देवी ने अनुसूचित वर्ग एवं अन्य पात्र परिवारों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी साझा की। वहीं महिला एवं समाज कल्याण विभाग के सुपरवाइजर विनोद कुमार ने विभाग की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
पशुपालन विभाग से डॉ. अक्षय ने पशुओं के उपचार, टीकाकरण तथा विभागीय सहायता योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ. उन्नति ने सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं, स्वास्थ्य योजनाओं तथा उपलब्ध सुविधाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया समझाई। शिक्षा विभाग के गोपाल सिंह ने विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध छात्रवृत्ति, शैक्षणिक सहायता एवं अन्य सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और पात्र परिवारों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित विभागों में आवेदन कर योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। अधिकारियों ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र एवं जरूरतमंद परिवार तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही। उपस्थित लोगों ने कार्यक्रम को उपयोगी बताते हुए ऐसे जागरूकता शिविरों का नियमित आयोजन किए जाने की मांग की।

