17 अगस्त को सभी स्कूलों में अवकाश घोषित…सरकार की मंजूरी के बाद जारी आदेश
Ashoka time’s…15 August 26
हिमाचल प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों में 17 अगस्त (सोमवार) को अवकाश रहेगा। स्कूल शिक्षा निदेशालय ने शनिवार को इस संबंध में कार्यालय आदेश जारी कर दिए हैं। आदेश सरकार की मंजूरी के बाद जारी किए गए हैं और यह राज्य के सभी सरकारी स्कूलों पर लागू होंगे।
निदेशालय के अनुसार यह अवकाश स्वतंत्रता दिवस समारोहों में विद्यार्थियों और शिक्षकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी को देखते हुए घोषित किया गया है। 15 अगस्त को स्कूल, उपमंडल, जिला और राज्य स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने हिस्सा लिया। इसी के मद्देनजर 17 अगस्त को विशेष अवकाश देने का निर्णय लिया गया है।
इस फैसले से प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले लाखों विद्यार्थियों और शिक्षकों को सोमवार को अवकाश मिलेगा। स्वतंत्रता दिवस समारोहों की तैयारियों और कार्यक्रमों में कई दिनों से स्कूलों के विद्यार्थी और शिक्षक सक्रिय रूप से जुड़े हुए थे। शिक्षा विभाग का मानना है कि उनके योगदान और सहभागिता को देखते हुए यह अवकाश दिया गया है।
अधिकारियों को दिए गए पालन के निर्देश
स्कूल शिक्षा निदेशालय ने सभी उपनिदेशकों (माध्यमिक, प्रारंभिक और गुणवत्ता शिक्षा) तथा सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कॉम्प्लेक्स के प्रधानाचार्यों को आदेशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों से कहा गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के सभी सरकारी स्कूलों में इन आदेशों को पूरी तरह लागू करें।
गौरतलब है कि शनिवार को पूरे हिमाचल प्रदेश में स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। विभिन्न स्तरों पर आयोजित कार्यक्रमों में विद्यार्थियों और शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली, जिसके बाद सरकार ने 17 अगस्त को सरकारी स्कूलों में अवकाश घोषित करने का निर्णय लिया।

