Ashoka time’s…18 December 25
शिलाई उपमंडल के गांव शरोग निवासी अभय धीमान (20) पुत्र भीम सिंह की गोवा में समुद्र किनारे डूबने से आकस्मिक मृत्यु हो गई।
इस हृदय विदारक घटना की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और गांव शरोग गमगीन माहौल में डूब गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार अभय धीमान लंबे समय से गोवा में एक निजी होटल में कार्यरत था।
रोज़ी-रोटी की तलाश में घर से दूर रह रहा था।अभय किसी कार्य से समुद्र किनारे गया हुआ था। इसी दौरान अचानक उठीं तेज समुद्री लहरों ने उसे अपनी चपेट में ले लिया और वह देखते ही देखते गहरे पानी में समा गया।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और होटल स्टाफ ने उसे बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन ऊंची लहरों और समुद्र की गहराई के आगे सभी प्रयास विफल हो गए। गांव शरोग के पूर्व प्रधान रति राम ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अभय काफी समय से गोवा में काम कर रहा था और करीब तीन महीने पहले ही घर आया था। उन्होंने बताया कि जैसे ही अभय के निधन की सूचना परिवार तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया और माता-पिता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।


