Ashoka Times…12 September 2025
जिला सिरमौर के उपमंडल संगड़ाह की भलाड़ पंचायत से एक दुखद घटना सामने आई है। ग्राम भलाड़ निवासी विक्रम ठाकुर (उम्र 30 वर्ष) पुत्र दौलत राम का अचानक निधन हो गया। जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले विक्रम को बुखार हुआ था, जिसके बाद उन्होंने एक निजी क्लीनिक से दवाई ली।
बुधवार रात उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्होंने दम तोड़ दिया। विक्रम के निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि झोला छाप डॉक्टरों पर कार्रवाई होनी चाहिए, क्योंकि समय पर सही इलाज न मिलने से यह त्रासदी हुई। उधर एक जानकारी यह भी सामने आई है कि सड़क बंद होने की वजह से भी इलाके के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी का सामना करना पड़ रह है।
विक्रम ठाकुर के निधन से उनके पिता ने इकलौते बेटे का सहारा खो दिया, वहीं उनके तीन छोटे बच्चे अब पिता के साये से वंचित हो गए हैं। परिजनों ने वीरवार को ही गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार कर दिया।

