शिलाई 11 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौ#त…तीन बहनों का इकलौता भाई
Ashoka time’s…5 Nov 26
सिरमौर जिले के शिलाई विधानसभा क्षेत्र में 11 वर्षीय छात्र अनिकेत की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
अनिकेत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटी बोंच में छठी कक्षा का छात्र था। अनिकेत पुत्र प्रताप सिंह ग्राम पंचायत लाणी बोराड के कटारी गांव का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि घर के समीप पेड़ पर चढ़ने के दौरान संतुलन बिगड़ने से वह खाई में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद प्रशासन की ओर से भी आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है। अनिकेत अपने परिवार में चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा और तीन छोटी बहनों का इकलौता भाई था। बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। नायब तहसीलदार जय कृष्ण ने बताया कि बच्चे की मौत की सूचना मिली है। मामले की जानकारी जुटाने के लिए मौके पर पटवारी को भेजा गया है।
वहीं, स्कूल के प्रधानाचार्य कृष्ण पराशर ने अनिकेत को होनहार विद्यार्थी बताते हुए कहा कि वह पढ़ाई के साथ विद्यालय की हर गतिविधि में बढ़-चढ़कर भाग लेता था। उन्होंने छात्र के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान टीआर निंटा ने कहा कि इस दुखद घटना से पूरा क्षेत्र स्तब्ध है। अनिकेत के साथी विद्यार्थी भी उसके असमय निधन से गहरे सदमे में हैं। उसके जाने से विद्यालय परिवार और क्षेत्र में शोक का माहौल है।

