
Ashoka time’s…25 September 26
नौहराधार के वरिष्ठ अधिवक्ता एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के सदस्य यशपाल चौहान का 71 वर्ष की आयु में निधन हो गया। पिछले करीब दो महीने से बीमार चल रहे यशपाल चौहान की वीरवार सुबह अचानक तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। परिजन उन्हें उपचार के लिए शिमला ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। उनके निधन की खबर फैलते ही नौहराधार और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। शुक्रवार को उनके पैतृक गांव में अंतिम संस्कार किया जाएगा।
यशपाल चौहान लंबे समय से राजगढ़ में वकालत के क्षेत्र से जुड़े रहे और वरिष्ठ अधिवक्ता के रूप में उनकी अलग पहचान थी। छात्र जीवन से ही राजनीति में सक्रिय रहे यशपाल चौहान ने कॉलेज के समय से राजनीतिक सफर शुरू किया था। बाद में वह कांग्रेस संगठन से जुड़े और पार्टी में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य बने।
वकालत और राजनीति के साथ यशपाल चौहान सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहते थे। वह अपने गांव के मंदिर में मुखिया की जिम्मेदारी निभा रहे थे और सामाजिक स्तर पर भी लोगों के साथ निरंतर जुड़े रहे। ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों के साथ उनके लंबे जुड़ाव के चलते इलाके में उनकी अपनी अलग पहचान थी।
यशपाल चौहान अपने पीछे दो बेटों और दो बेटियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। क्षेत्रवासियों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की।

