श्री रेणुका जी में बिजली तार चोरी का भंडाफोड़, ग्रामीणों ने दबोचे 3 चोर… जेई की भूमिका पर सवाल
Ashoka time’s…13 September 26
ददाहू (सिरमौर): ग्राम पंचायत ददाहू के ग्रामीणों ने बिजली के तार चुराने वाले तीन चोरों को रंगे हाथों पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। चोरों के पास से चोरी की तार के तीन कट्टे बरामद हुए हैं।
कल रात करीब 10 बजे एक दर्जन से ज्यादा ग्रामीणों ने इन्हें दबोचा। बताया जा रहा है कि चोर बिजली विभाग की कीमती तार (कीमत लगभग 1000 रुपये प्रति किलो) कट्टों में भरकर ले जा रहे थे।
ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग के जेई मौके पर पहुंचे और समझौते का दबाव बनाया। ग्रामीणों का दावा है कि जेई से फोन पर तीखी बहस की रिकॉर्डिंग भी उनके पास है। अब वे SP सिरमौर और DSP संगड़ाह से शिकायत की तैयारी में हैं।
उठ रहे बड़े सवाल:
1. ये तार कहां से आई और ये खेल कब से चल रहा था? 2. चोर कभी जेई साहब तो कभी ठेकेदार का नाम ले रहे हैं, क्या जेई की भी जांच होगी? 3. चोर बाहर के बताए जा रहे हैं, तो क्या स्थानीय मिलीभगत के बिना ये संभव है? 4. जिस तार के लिए लोगों के घरों में मीटर नहीं लग पा रहे, उसी तार की चोरी बेधड़क कैसे हो रही थी?
फिलहाल तीनों आरोपी थाना रेणुका जी की हिरासत में हैं।

