
ए.के.एम. स्कूल में शिक्षक प्रेरणा एवं विकास कार्यशाला का आयोजन…
Ashoka time’s…11 August 26
ददाहू, 11 अगस्त: ए.के.एम. पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, ददाहू में आज शिक्षकों के प्रेरणा, कौशल विकास एवं आधुनिक शिक्षण पद्धतियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शिक्षक विकास कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला के प्रथम दिन विद्यालय के शिक्षकों ने विभिन्न उपयोगी एवं रोचक विषयों पर अपने विचार एवं अनुभव साझा किए।
कार्यशाला में मोहिनी मैम ने शिक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के उपयोग एवं इसकी संभावनाओं पर जानकारी दी। नारायण सर ने रोल प्ले तथा विद्यार्थियों के लिए संसदीय शिक्षा (Parliament Education) के माध्यम से व्यावहारिक एवं सहभागितापूर्ण शिक्षण पर अपने विचार रखे। शिवानी मैम ने रोल प्ले, आनंददायक गतिविधियों एवं Joyful Learning के माध्यम से पढ़ाई को अधिक रुचिकर बनाने के तरीकों पर प्रकाश डाला।
इसी क्रम में आदित्य सर ने मानव विकास एवं सॉफ्ट स्किल्स (Human Development & Soft Skills) विषय पर चर्चा करते हुए शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, संचार कौशल तथा आत्मविश्वास के महत्व को बताया। रचना मैम ने गणित को वास्तविक जीवन से जोड़कर उदाहरणों के माध्यम से सीखने की उपयोगी विधियों को प्रस्तुत किया।
कार्यशाला में विशेष रूप से आमंत्रित रिसोर्स पर्सन विक्रम सर एवं गौरव सर ने शिक्षकों का मार्गदर्शन किया तथा शिक्षण को अधिक प्रभावी, आधुनिक एवं विद्यार्थी-केंद्रित बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के एम.डी. श्री विजय ठाकुर एवं प्रधानाचार्य श्री सुरेंद्र कुमार ने शिक्षकों को संबोधित किया। उन्होंने शिक्षकों को निरंतर सीखते रहने, नई शिक्षण तकनीकों को अपनाने तथा अपनी कमियों को पहचानकर स्वयं में सुधार करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एक शिक्षक का निरंतर विकास ही विद्यार्थियों और विद्यालय के बेहतर भविष्य की नींव है।
कार्यशाला का प्रथम दिन ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

