
परिवारिक विवाद के चलते पिता ने 6 वर्षीय बेटे को रावी नदी में फेंका…आरोपी पिता गिरफ्तार
Ashoka time’s…11 August 26
हिमाचल प्रदेश के चम्बा से खौफनाक घटना सामने आई है कि एक पिता ने अपने ही 6 वर्षीय मासूम बेटे गगनदीप सिंह को परेल पुल के पास काली माता मंदिर के नीचे उफनती रावी नदी में फेंक दिया।
घटना सोमवार रात करीब 9 से 10 बजे के बीच की है। घटना के बाद आरोपी पिता हितेश कुमार ने अपनी बहन को फोन कर कथित तौर पर बताया कि उसने अपने बेटे गगनदीप को रावी नदी में फेंक दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस ने आरोपी हितेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस को दिए गए बयान में आरोपी हितेश के पिता जयपाल ने परिवार में लंबे समय से चले आ रहे विवाद का जिक्र किया है। उसके अनुसार हितेश कुमार और उसकी पत्नी शारिका के बीच छोटी-छोटी बातों को लेकर काफी समय से झगड़े और मनमुटाव चल रहे थे। परिवार ने कई बार पति व पत्नी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ।
जांच में सामने आया है कि 16 जुलाई को दोनों के बीच घर में फिर विवाद हुआ। इसके अगले दिन शारिका के भाई और रिश्तेदार चम्बा पहुंचे और महिला थाना चम्बा में शिकायत की। बातचीत के बावजूद कोई समाधान नहीं निकल सका। इसके बाद शारिका अपने मायके पक्ष के साथ अमृतसर चली गई। उसका छोटा बेटा पुष्पेंद्र भी उसके साथ चला गया, जबकि बड़ा बेटा गगनदीप अपने पिता हितेश के साथ परेल स्थित क्वार्टर में रह रहा था।
यही पारिवारिक विवाद इस खौफनाक घटना के पीछे की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारण और घटना के पीछे आरोपी की मंशा क्या थी, इसका खुलासा पुलिस की विस्तृत जांच और पूछताछ के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मामला
पुलिस ने जयपाल पुत्र ज्ञान चंद निवासी चम्बा के बयान के आधार पर थाना सदर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 और 238 के तहत हितेश कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
घटना के बाद रावी नदी में मासूम की तलाश के लिए बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम नदी के आसपास के हिस्सों में तलाश कर रही है। तेज बहाव के कारण रेस्क्यू टीमों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
अंतिम समाचार तक गगनदीप सिंह का शव बरामद नहीं हुआ था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अब यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि पारिवारिक विवाद आखिर किस हद तक बढ़ा, जिसने एक मासूम की जान को संकट में डाल दिया।
उधर,पुलिस अधीक्षक चम्बा दिनेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया है कि परेल पुल के पास एक 6 वर्षीय बच्चे को रावी नदी में फेंके जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने आरोपी पिता हितेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है और बच्चे की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।

